
25 अप्रैल 2009
घर पर रख दी नाव

आमी के प्रदूषण से टूटने लगी है डोर

सिद्धार्थनगर जनपद के सोहनारा से निकली आमी नदी गोरखपुर जिले के सोहगौरा में मिल जाती है। पिछले दो दशकों में औद्योगिक इकाइयों के अपजल से नदी प्रदूषित हुई तो तट पर बसे लोगों का सुखचैन छिन गया। रामपुर गरथौली भी आमी के तट पर ही बसा है। यह गांव गोरखपुर से 27 किमी दूर है। कुआवल पुल से कटघर जाने वाली सड़क पर स्थित इस गांव की आबादी दो हजार के आसपास है। 1995 में अंबेडकर गांवों की सूची में इसे शामिल किया गया लिहाजा यहां चमक-दमक खूब दिखती है। इस राजस्व ग्राम के रामपुर गरथौली और लरबरी दो पुरवा हैं। रामपुर गरथौली में सीसी रोड और लरबरी में खड़ंजा है। रामपुर गरथौली में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं जबकि लरबरी में भी एक नया प्राथमिक विद्यालय बना है। इन विद्यालयों में लगभग साढ़े सात सौ बच्चों का नामांकन भी है। गांव की आबादी के हिसाब से इतने बच्चों की संख्या समझ से परे है।
रामपुर गरथौली में सैंथवार, कोइरी, गुप्ता, यादव और अनु.जाति के लोग हैं। अनु.जाति की आबादी 72 प्रतिशत है इसी वर्ग की जोखना देवी तीसरी बार ग्राम प्रधान बनी हैं। यहां से क्षेत्र पंचायत सदस्य डा. रामसहाय सिंह गांव के सक्रिय लोगों में एक हैं और आमी को प्रदूषणमुक्त करने की लड़ाई में लगे हैं। गांव की सम्पन्नता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता कि विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में यहां के दर्जन भर शिक्षक हैं, बीस से अधिक लोग सिपाही हैं, फोर्स में भी पांच-छह लोग हैं, तीन एसडीओ हैं। दिल्ली में रहकर इसी गांव के दो युवक आईएएस की तैयारी कर रहे हैं और प्री परीक्षा भी पास कर चुके हैं। सैंथवारों की खेती बारी ठीक है। पशुपालन और दूध के कारोबार से बहुतों की गृहस्थी चलती थी। अब उन घरों में सरकारी नौकरी का पैसा भी है। इस सबके बावजूद दिक्कतें भी कई हैं। अब तो न ही आमी की लहरों से कोई बच्चा अठखेलियां करता है और न ही पशु वहां पहुंचते हैं। अब तो ग्रामीण इसमें पैर भी नहीं डालते। बताते हैं कि नदी में पैर पड़ते ही फफोले पड़ जाते हैं। नदी में मछलियां भी नहीं हैं।
नदी में प्रदूषण के कारण बदबू व मच्छरों की फौज और इस तरह की कई पीड़ा लोगों के दिलों में घाव कर चुकी है। डा. रामसहाय सिंह बताते हैं कि नदी में प्रदूषण के कारण लोगों को मजबूरी में अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या, बड़हलगंज और गोला तक जाना पड़ता है। मन को पीड़ा से भर देने वाली परिस्थिति के चलते ही लोग गांव से दूर होने लगे हैं। नयी पीढ़ी की तो बात ही कुछ और है। 18 वर्ष के जयप्रकाश और 22 वर्ष के सुभाष जल्दी नौकरी पाना चाहते हैं ताकि गांव की दिक्कतों से पीछा तो छूटे।
21 अप्रैल 2009
अव्यवस्था से उपजी ऊब
लोकतंत्र के उत्सव को सजाने संवारने की इस बार खूब कोशिश हुई लेकिन कारगर साबित नहीं हुई। कहीं निजी जरूरतें भारी पड़ीं तो कहीं अव्यवस्था से उपजी ऊब। जिनके दम से जम्हूरियत जिंदा है वही उदास दिखे। अपनी बेचैनी और ऊब छिपाते हुए कुछ बूथ तक पहुंचे भी मगर दूसरों के लिए प्रेरणा का सबब नहीं बन सके। पंद्रहवीं लोकसभा के गठन की रस्मअदाएगी पूरी हो गई।
बैसाख की तपती दोपहरी में वोट की फसल उगाने की खूब कोशिश हुई। उड़न खटोले से उड़कर आए रहनुमाओं ने बड़ा जोर दिया, लेकिन वोट प्रतिशत देखें तो आधे से अधिक लोग अपने घरों से नहीं निकले। सुबह मौसम अनुकूल रहने के बाद भी गति बहुत धीमी थी। निर्वाचन संपन्न कराने में लगे गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीके श्रीवास्तव से सुबह नौ बजे बातचीत की तो पता चला गोरखपुर जिले में सिर्फ सात फीसदी वोट पड़े थे। सड़क के किनारे मतदान केंद्रों पर जुटे कुछ लोगों को देखा लेकिन हर बार की तरह कतार नहीं दिखी। 11 बजे तक गोरखपुर जिले में सिर्फ 16.3 प्रतिशत वोट पड़े थे। प्राथमिक विद्यालय बिशुनपुर में भगवा रंग में रंगे रामदरश और रामसेवक मिले। वोट पड़ने की रफ्तार कम क्यों है यह पूछने पर उनका कहना था- कटिया दंवरी का मौसम है इसलिए लोग अपना काम निपटा रहे हैं। फिर भी वोट पड़ रहे हैं।
कौड़ीराम कस्बे में अधिकांश दुकानें खुली थी तो माहौल गुलजार था लेकिन बांसगांव पहुंचने पर सन्नाटे ने स्वागत किया। सन्नाटे को चीरते छह साल के दो छोटे बच्चे गलबहियां करते हुए अपने घर आ रहे थे। आदित्य और सत्यम नाम के ये बच्चे वोट का मेला देखने गए थे। लगा कि बड़ों से बेहतर तो यही बच्चे हैं। नगर क्षेत्र बांसगांव के ही प्राथमिक विद्यालय मरवटिया के बूथ का सन्नाटा लोकतंत्र के इस पर्व को मुंह चिढ़ा रहा था। पास के परिषदीय विद्यालय के शिक्षक संजय सिंह ने जब यह आशय समझा तो बोल पड़े- सुबह तो ठीक वोट पड़ा है। बगल की चाय की दुकान पर बैठे ड्राईवर लालू गौड़ समेत कई अन्य लोग हार जीत की गणित में मशगूल थे लेकिन उनकी आवाज में कोई सियासी ताप नहीं था। आगे बढ़ने पर सरहद बदल गई और बभनौली से संतकबीरनगर लोकसभा क्षेत्र के खजनी विधानसभा क्षेत्र की सीमा शुरू हो गई।
माल्हनपार की ओर जाने वाली सड़क पर कलकत्ता और कटिहार से आये मजूरे काम करते मिले। उन्हें इस पर्व का कोई मतलब ही नहीं मालूम। इनमें कक्षा पांच तक पढ़े दस साल के फर्रुख और उसी की उम्र के जबेरुद्दीन, कासिम, अंसार उल जैसे बच्चों के पेट की आग सियासी तापमान पर भारी थी। कुछ दूर के सफर के बाद फिर चुनावी क्षेत्र शुरू हो गया। यह इलाका पहले धुरियापार का था जो अब चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में शामिल है। प्राथमिक विद्यालय देवापार में डेढ़ बजे तक सन्नाटा था। प्राथमिक विद्यालय गजपुर में वोट डालते लोग कोशिश में थे सभी लोग घर से निकल जाएं लेकिन बैसाख की आंच बहुतों की राह रोके थी। हरिलालपुरा का भी हाल कुछ ऐसा ही था। प्राथमिक विद्यालय कूड़ाभरत में तो दोपहर डेढ़ बजे तक 400 वोट पड़ चके थे। लेकिन गांव के बच्चन त्रिपाठी जैसे लोगों की चिंता यही थी कि अब वोट के प्रति लोग उत्साहित नहीं हैं। प्राथमिक विद्यालय देईडिहा में भी खामोशी ओढ़े मतदान कर्मी ऊंघ रहे थे। गोपालपुर आदि जगहों की भी स्थिति कुछ बेहतर नहीं थी। गोला जैसे कस्बे में 18 प्रतिशत वोट पड़ा था और यहां मैाजूद रणविजय चंद वोट कम पड़ने पर चिंता जता रहे थे। बड़हलगंज के उत्साही नौजवान गौरव दुबे खुद तो सक्रिय थे ही वे दूसरों को भी सूचनाएं दे रहे थे। प्राथमिक विद्यालय गाजेगड़हा में कुल 1167 वोटर हैं। पर 2.10 बजे तक यहां सिर्फ 340 वोट पड़े थे। उदासी का यह मंजर तो इसी से प्रमाणित होता है कि एक बजे तक बांसगांव में 22 प्रतिशत और गोरखपुर में 28 प्रतिशत वेाट पड़े थे। अलबत्ता शाम को मतदान में थोड़ी तेजी आई।
प्राथमिक विद्यालय सोनइचा में भुवनेश्वर दुबे ने टिप्पणी दी- इ चुनाव के मौसम थोड़े हवे, सब आपन फसल काटि कि वोट रखाई। मन के किसी कोने में कोई तल्खी थी जो कुरेदते ही जुबां पर आ गयी। रमेश ने भी खेती किसानी की बात चलाई। प्राथमिक विद्यालय नेवादा में सवा तीन बजे तक 35 प्रतिशत वोट मिले थे। मतदान संपन्न कराने आए अधिकारी दरकते हुए लोकतंत्र को गौर से देख रहे थे और इवीएम पर टिकी उनकी निगाहें उनकी पीड़ा बयां कर रही थी। गगहा से गोरखपुर तक हर पोलिंग स्टेशन की कहानी कुछ हेर फेर के साथ एक जैसी ही दिखी। शाम पांच बजे पीके श्रीवास्तव ने बताया कि गोरखपुर में 49 प्रतिशत और बांसगांव में 40.06 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुछ लोगों से इसकी वजह जाननी चाही तो उनका यही कहना था कि बांसगांव में सभी प्रत्याशी एक ही वर्ग के हैं इसलिए यहां तो जातीय उत्साह भी नहीं बन पाया।
7 अप्रैल 2009
राही मासूम और आज की राजनीति


1 अप्रैल 2009
सियासत का खेल और धर्म

जीवन में जो सक्रिय सत्ता है, जीवन को बदलने का जो सक्रिय आंदोलन है, जीवन को चलाने और निर्मित करने की जो व्यवस्था है, उस सबका नाम राजनीति है. राजनीति के भीतर अर्थ भी है, शिक्षा भी है. राजनीति के भीतर हमारे पारिवारिक सम्बन्ध भी हैं. लेकिन भारत का दुर्भाग्य समझा जाना चाहिये कि हजारों वर्षों से राजनीति और धर्म के बीच कोई सम्बन्ध नहीं रहा. भारत में राजनीति और धर्म दोनों जैसे विरोधी रहे हैं- एक दूसरे की तरफ़ पीठ किए खड़े हैं. भगवान रजनीश ने यह बात कहीं थी. और यह आज की ही बात नहीं है, हजारों वर्षों से ऐसा हुआ है और उसका परिणाम हमने भोगा है. एक हजार वर्ष की गुलामी उसका दुष्परिणाम है. अभी गोरखपुर शहर में भी धर्म और राजनीति को लेकर बहस हो रही है. कुछ लोग चुनाव में इसे बहस बनाते हैं और कुछ लोग ता जीवन इसी में लगे रहते हैं. देश की सबसे बड़ी पंचायत के लिए कुल 14 बार चुनाव हुए हैं. इसमे 7 बार गोरक्षपीठ के महंथ और उनके उत्तराधिकारी का कब्जा रहा है. गोरक्षपीठ देश में आस्था का एक बड़ा केंद्र है और जाहिर है राजनीति में इसका लाभ पीठ से जुड़े लोगों को मिलता है. इस पीठ के ब्रहमलीन महंथ दिग्विजय नाथ 1967 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गये. इसके पहले तीन चुनावों में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा. अभी इस बार बहुजन समाज पार्टी ने विनय शंकर तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. विनय इस बार विकास और सांप्रदायिकता के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं. विनय तर्क देते है कि सत्ता में बने रहने के लिए इन लोगों ने साम्प्रदायिकता का खेल खेला. अपने तर्क को बल देने के लिए वे अतीत की कुछ घटनाये गिनाते हैं. विनय का कहना है कि 1952, 1957 और 1962 का चुनाव महंथ जी हार गए. 1965 में गोरखपुर में पहला साम्प्रदायिक दंगा हुआ और इस दंगे को सुनियोजित रुप से कराया गया. महंथ जी चुनाव जीत गये. 1971 में उनके शिष्य और बाद के महंथ अवेद्यनाथ जी महाराज चुनाव मैदान में उतरे और कांग्रेस के नरसिंह नारायन पांडेय से चुनाव हार गये. फिर 1989 तक लोकसभा का चुनाव नहीं लडे. यह बात इसलिए ख़ास है क्योंकि विनय शंकर तिवारी का यह भी तर्क है कि शहर में सात बार दंगा फसाद और कर्फू लगा और सात बार उन लोगों को संसद में जाने का अवसर मिला. 1989, 1991 और 1996 में महंथ अवेद्यनाथ और 1998, 1999 और 2004 में योगी आदित्यनाथ को संसद में जाने का मौका मिला. योगी हिंदुत्व की रक्षा की दुहाई देते हैं. वे विनय शंकर तिवारी के खिलाफ आग उगलते हैं और इस बात पर जोर देते हैं कि हिंदुत्व के विकास के साथ ही माफियाओ का दमन उनका लक्ष्य है. पर वे आजमगढ में माफिया समझे जाने वाले पूर्व सांसद रमाकांत यादव की सभा में जाते हैं. उन्हें शाबाशी देते है और उनके लिए वोट माँगते हैं. उनकी राजनीति के इस सियासी धर्म को रजनीश के नजरिये से देखे तो घालमेल साफ़ दिखता है. रमाकांत पर अपराध के इतनें आरोप हैं कि उनकी गिनती नहीं की जा सकती. मेरी मंशा विनय शंकर तिवारी के पक्ष में कुछ कहने की नहीं है बल्कि उनके दिए गए तर्को के आधार पर यह जरूर कहना है कि नफरत की दीवार उठकर अगर संसद में जगह मिलती हो तो ऐसी जगह को लात मार देना चाहिये. कम से कम धार्मिक आस्था से जुड़े व्यक्ति के लिए सियासी सत्ता का कोई मतलब नहीं होता.
