12 मई 2009

बिजली के खंभे पर टूट गया राजबली का ख्वाब

आनंद राय गोरखपुर :
अपने कई साथियों की तरह ही संविदाकर्मी राजबली का ख्वाब बिजली के खंभे पर टूट गया। बिजली की गड़बड़ी ठीक करते समय राजबली ने अपनी जान गंवा दी। अफसोस दो दशक से अधिक समय तक सेवा करने के बाद भी राजबली परमानेंट नहीं हो सका। उसकी मौत पर विभागीय अधिकारियों ने अपनी संवेदना उसी तरह दिखायी जैसे किसी के डूबने के बाद सिसकियां लेती लहर पहंुची हो। ठीक दोपहर में जब लोग बाग गर्मी से बचने के लिए छांव तलाश रहे थे तब नगरीय विद्युत वितरण मण्डल प्रथम खण्ड के अधिशासी अभियंता दफ्तर से महज दो कदम दूरी पर संविदाकर्मी राजबली एक पोल पर चढ़ा हुआ था। बिजली की गडबडी ठीक करते समय अचानक हादसा हुआ और उसने अपनी जान गंवा दी। गुलरिहा थाना क्षेत्र के सियारामपुर टोला धर्मपुर निवासी राजबली ने बिजली विभाग में इतनी लम्बी सेवा दी लेकिन आखिरी समय में वह इस विभाग से बेगाने की तरह विदा हुआ। उसकी कोशिश नियमित स्टाफ बनने की थी लेकिन उसके बदले में मौत मिली। उसकी मौत पर मातमपुर्सी के लिए गये अभियंता संविदाकर्मियों के आक्रोश से बचने की जुगत में थे। आपस में जोड़ जुगाड़ कर उसके लिए बीस हजार रुपये जुटाये गये लेकिन यह मामूली रकम मंुह चिढ़ाने जैसी थी। अलबत्ता जिस पोल से गिरकर राजबली की मौत हुई उसी पोल पर टंगा रह गया उसका चप्पल पूरी व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश का सबूत बन गया। राजबली विभाग में सबका प्यारा था। सोखा नाम से सुपरिचित इस शख्स के पास सभी बिगड़े हुये कामों को ठीक कर लेने की महारत थी। 2000 में जब मस्टरोल कर्मचारियों को नियमित करके झांसी भेजा गया तब पता नहीं किन वजहों से राजबली का नाम उस सूची में नहीं आ पाया। अब घर में उसके पीछे उसकी जिम्मेदारियां छूट गयी हैं। चार बेटे और एक बेटी को किसी तरह संभाल रहे मामूली खेती वाले इस मजदूर की तकदीर ने तो उसे हमेशा छला लेकिन आखिरी समय में भी विभाग से इस उपेक्षा की उम्मीद नहीं थी। पोल से गिरने के बाद कुछ लोग अस्पताल ले गये। जान नहीं बची। इस संवाददाता ने एक बजकर 55 मिनट पर अधिशासी अभियंता को फोन किया। तब तक किसी जिम्मेदार विभागीय अधिकारी की संवेदना नहीं जगी थी। यूनियन के कुछ लोग और कुछ विभागीय कर्मचारी उसकी मौत से आहत थे और तब मौके पर वही लोग उपस्थित थे। थोड़ी देर बाद जिला अस्पताल के मर्चरी में राजबली की लाश रख दी गयी। उसके परिजन वहां पहंुचे तो दिल दहला देने वाला दृश्य उपस्थित हो गया। तब तक अधिशासी अभियंता जयराम चौरसिया समेत कई लोग पहंुच गये थे। विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय उपाध्यक्ष के.पी. सिंह ने कहाकि अब संविदा कर्मियों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने इस संवाददाता को बताया कि अफसरों की अनीति और लापरवाही से संविदा कर्मी दिनेश गौड़, फाजिलनगर के विजय बहादुर पाण्डेय, बृजमनगंज के पारस दुबे, लक्ष्मीपुर के कांता और टिल्लू भी बिजली के पोल और अव्यवस्था के शिकार हो चुके हैं। जांच के बाद ही होगा कोई निर्णय-मुख्य अभियंता गोरखपुर: संविदाकर्मी राजबली की मौत पर निजी स्तर पर चाहे जो कुछ मदद हुई हो लेकिन अधिकृत तौर पर कोई घोषणा नहीं हुई। इस संदर्भ में जब मुख्य अभियंता सुरेश राम से बातचीत की गयी तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच सुरक्षा निदेशालय को सौंप दी गयी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मुआवजा सम्बंधी कोई घोषणा की जा सकेगी। मांगे पूरी नहीं हुई तो मुख्य अभियंता का 19 को होगा घेराव गोरखपुर: विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष आर.एस. राय ने कहा है कि यदि संविदाकर्मियों को नियमित नहीं किया गया तो आर पार की लड़ाई होगी। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले काकस को अब अधिक समय नहीं दिया जायेगा। इस बीच संविदाकर्मियों की एक आपात बैठक में चन्दि्रका प्रसाद भारती ने कहा कि यदि अविलम्ब राजबली के परिजनों को एक लाख का मुआवजा और पत्‍‌नी को नौकरी नहीं दी गयी तो 19 मई को मुख्य अभियंता का घेराव किया जायेगागड़बड़ी

लोकगीत बन गये थे जंग-ए-आजादी के परचम

हरीन्द्र द्विवेदी, गोरखपुर
गुलामी से आजादी की छटपटाहट लोक कवियों में भी कम नहीं रही। उन्होंने जनजागरण के गीत लिखे और सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के नाट्य मंचों पर उनकी प्रस्तुति कर आम जनता को आजादी की लड़ाई में ताकत दी। ये लोकगीत जंग-ए-आजादी के परचम बन गये थे। ये कवि आमजन के बीच के ही थे। ऐसे बहुत से कवियों के असली नाम भी कोई नहीं जानता। बस इनकी रचनाएं लोकजीवन में रची बसी हैं। लोकनाट्य रूपों की कहरवा (हुड़का), इनरसनी (मिरदंगी), फरुआही, लोरकायन, धोबियउआ विधा की माहिर टीमें भी जनजागरण में पीछे नहीं थी। 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के शहीदों की कुर्बानी और उनकी वीरगाथाएं लोकनाट्यों की मुख्य कथावस्तु बन गयी। बाद में नाटक कंपनियों ने ऐसे नाटकों का मंचन शुरू किया जिनमें अंग्रेजों के जुल्म और आजादी के परवानों के साथ की जा रही उनकी ज्यादतियों का प्रकारांतर से जिक्र रहता था। बिहार के लोक कवि महेन्दर मिसिर ने तो मण्डली बनाकर मंचन करवाया और सरकार के खिलाफ लड़ रहे लोगों की मदद के लिए छापाखाना लगाकर रुपये तक छापे। लोक कवियों का यह जनजागरण अभियान आजादी मिलने के दिन तक चलता रहा। गोरखपुर क्षेत्र के लोक कवि चंचरीक ने महात्मा गांधी के आन्दोलन से प्रेरित होकर सुराजी गारियां (गालियां) लिखीं और उसे गांवों में जाकर गाया भी । उनकी सुराजी गारी आज भी हर गांव में महिलाएं गाती हैं। उन्होंने सुराजी गीतों के क्रम में ही चरखा गीत मोरे चरखे का टूटे ना तार, चरखवा चालू रहे लिखकर कुटीर उद्योगों को बढ़ाने की दिशा में लोगों को प्रेरित किया। इसी तरह एक अनाम कवि ने लिखा.. रेलिया बैरन, पिया को लिये जाय रे। जउने सहबवा क, पिया मोर नोकर। लागै गोलिया, साहब मरि जाये रे। इस गीत के माध्यम से उसने हुकूमत करने वाले साहबों को नेस्तनाबूद करने का आह्वान किया। बताते चलें कि गुलामी से आम आदमी का सामजिक विरोध भी लोगों के सामने आया। उस दौर में नौकरी को सबसे तुच्छ माना जाता रहा है। लोक कवि घाघ ने लिखा था.. उत्तम खेती मद्धम बान, निषिध चाकरी भीख निदान इतना ही नहीं विदेश जा कर नौकरी करने वालों को अछूत माना जाता था। उसके परिजन भी उसका छ़आ भोजन नहीं करते थे। इन्हीं लोक कलाकारों के भांड़ वर्ग ने भी इसे अपनी भड़ैती का हिस्सा बनाया। उस दौर में भांड़ों का प्रचलित गीत रहा.. भांड़ आये हैं, मजा लाये हैं, तक तक तक तक्क कहो वाह वाह वाह, गोरन के घर लइकी लइका खेलैं घोड़ा घोड़ी, आपन लइके लकड़ी बीनैं बना-बना के टोली, क्या व्यवस्था है क्या अवस्था है, तक तक तक तक्क कहो वाह-वाह-वाह कहने का अर्थ यह कि ग्रामीण परिवेश में लोक कवियों व कलाकारों ने अपने-अपने तौर तरीके से ब्रितानी हुकूमत के विरुद्ध जन जागरण कर जंगे आजादी में अपना योगदान दिया। उनके इस योगदान को कमतर नहीं आंका जा सकता।

आमी : कुआवल को बेचैन कर रहीं स्मृतियां


आनंद राय , गोरखपुर :

स्मृतियां जीने नहीं देती। स्मृतियां मरने नहीं देती। स्मृतियों की पूंजी के साथ सौ बसंत पार कर चुके बुद्धु सरदार अपने गांव कुआवल को अब भी दिल में बसाये हुये हैं। इस गांव के सबसे बुजुर्ग बुद्धु आमी नदी के स्वर्णिम दौर के गवाह हैं। वे मौजूदा समय की विसंगतियों से भी जूझ रहे हैं। गरीबी और वक्त की मार सहकर उन्हें कोई दुख नहीं हुआ लेकिन आमी नदी से जब भी बदबूदार झोंके उठते हैं तो बुद्धु सरदार की बूढ़ी हड्डियां गुस्से से तन जाती हैं। पानी से जीवन की गति और लय तय होती है लेकिन आमी का चहेता कुआवल अब पानी के दुख से दुखी हो गया है। और यह दुख छोटे बड़े सबके चेहरे पर दिखता है। गोरखपुर मुख्यालय से 24 किलोमीटर दूरी पर स्थित कुआवल गांव की आबादी लगभग दो हजार है। 1997 में ही अम्बेडकर गांव हो जाने की वजह से यहां विकास की गति बढ़ी है। प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय और पक्की सड़क के साथ ही हैण्डपम्प और अन्य सुविधाएं दिखती हैं। पर इन सुविधाओं ने गांव के सुख चैन में कोई वृद्धि नहीं की है। सबसे बड़ा दुख तो आमी नदी का प्रदूषण है। गांव के पूरब सटकर बहती हुई आमी नदी कभी इनके सुखों की वजह थी। तब गरीबी थी लेकिन यहां के लोग अपने पौरुष से आमी के आंचल से अपने लिए रोटी ढूंढ लाते थे। गांव की प्रधान मंदरावती देवी के पति राममिलन यादव कहते हैं- साहब आमी तो हमारे लिए स्वर्ग थी और अब उद्यमियों ने उसे नरक बना दिया है। अपनी पत्नी से पहले राममिलन भी गांव के प्रधान थे। तबसे उनकी कोशिश है कि किसी तरह आमी का प्रदूषण दूर हो। इसी प्रदूषण ने गांव का विकास रोक दिया है। प्रदूषित आमी की दुर्गध से मच्छर, बदबू और वितृष्णा की वजह से युवा पीढ़ी का गांव से मोह कम हो रहा है। लोग पलायन कर रहे हैं। रोजगार और सुकुन की आस में सबके पैर दिल्ली, मुम्बई और कलकत्ता की ओर बढ़ रहे हैं। इससे गांव का वास्तविक विकास रूक गया है। गांव के फूलदेव, धनंजय, मुन्नुर, त्रिवेणी और रामनौकर कहते हैं कि पहले इस गांव की जो रौनक थी वह नहीं रही। सुबह शाम आमी का तट गांव के नौजवानों से गुलजार रहता था। मछली पकड़ते थे और पशुओं को इसी नदी में दिन भर छोड़ देते थे। इसी नदी के पानी से खेतों की सिंचाई होती थी। अब तो वे अच्छे दिन हवा हो गये हैं। सिर्फ त्रासदी और दुख बचा रह गया है। गांव के संकटा उपाध्याय आमी की व्यथा से व्यथित हैं। और गांव में रहने वाला हर व्यक्ति व्यथित है। बरसात के दिनों में यह गांव मैरुण्ड हो जाता है। तब आमी के अलावा बरसात का ठहरा हुआ पानी भी दुख का सबब बन जाता है। पूरब और दक्षिण तरफ से गांव को आमी नदी घेरे है और गांव से सटे पश्चिम तरफ एक तालाब है। जब भी बाढ़ आती तो पूरे संसार से यह गांव जुदा हो जाता है। डोंगी नांव से सफर करके लोग बाहर की दुनिया से जुड़ते हैं। साल के कई महीने पानी से जूझते हुये बीत जाता है। बाकी बचे दिनों में आमी का जहरीला पानी इनका दुश्मन बना रहता है। कभी उस पानी को पीकर पशु मर जाते तो कभी सिंचित फसल जल जाती। गाढ़े दुख में कभी कभी भाषा छलती है। गांव के समझदार लोग आमी के नाम पर जो भाषा बोलते उससे उनकी व्यथा को विस्तृत आकार मिलता है। उनके दुखों में सागर में जलती हुई अभिलाषाओं को साफ देखा जा सकता है।

8 मई 2009

नंदन जी का बड़प्पन


आनंद राय, गोरखपुर

वैसे तो नंदन जी को बहुतों बार सुना और देखा लेकिन जब उन्हें सीधे देखना था यानि ख़ुद अपनी बात करनी थी तब हिम्मत नही पडी। उन दिनों मैं सन्डे मेल अखबार से जुड़ा था। लखनऊ में मुरली भवन में आफिस था। राम दत्त त्रिपाठी जी ने कहा दिल्ली जा रहे हो तो नंदन जी से मिल लेना। मैं आज भी रामदत्त जी की चिट्ठी रखा हूँ क्योंकि नंदन जी से मिल नही पाया। रामदत्त जी अब बी बी सी में आ गए हैं और मैं अपनी रोजी में उलझ गया हूँ लेकिन सच कहूं तो कुछ पैसो के लिए लिखे गए एक बड़े मजमून को मैंने वक्त के लिए रख लिया। नंदन जी ने पता नही किस भाव में अर्जुन सिंह पर एक किताब लिखी और वह विवादित हो गयी वरना उन्होंने ठोंक बजा कर लिखने की नसीहत दी है- मैं उनका आभारी हूँ और जीवन भर रहूँगा। जीवन की जिस बेला में मेरी बातें भी स्तम्भ बनेगीं मैं उन दिनों उनका बड़प्पन लिखूंगा ताकि लोग उसे याद रखें। यहाँ विज्ञान का एक लेख प्रस्तुत है-

वरिष्ठ कवि, सिद्धहस्त लेखक और विख्यात पत्रकार कन्हैयालाल नंदन की जीवन यात्रा फतेहपुर [उत्तर प्रदेश] जिले के छोटे से गांव से शुरू होकर कानपुर, इलाहाबाद और मुंबई से गुजरती हुई अब दिल्ली में आकर ठहरी है। आत्मकथा लेखन की बनी बनाई परंपरा का उल्लंघन करते हुए नंदन जी ने अपनी आत्मकथा कहां कहां से गुजर गया में तारीखों से पूरी तरह बेखबर रहकर अपनी जिंदगी की रहगुजर को बयान किया है। उससे उपजे सवालों को लेकर पिछले दिनों विज्ञान भूषण ने उनसे मुलाकात की, प्रस्तुत है बातचीत के कुछ अंश-
[अपनी आत्मकथा में आपने किस वजह से घटनाओं और संस्मरणों को अधिक महत्व दिया है जबकि घटना से जुडी तारीखों का जिक्र नहीं है?]
मेरे जीवन में घटित सभी महत्वपूर्ण घटनाओं का जिक्र मैंने इस पुस्तक में किया है। किस तारीख को यह घटना घटित हुई इससे पाठकों को क्या फर्क पडेगा? मैंने इसमें स्वीकार किया है कि मुझे अपनी जन्मतिथि, दिन और नक्षत्र के बारे में ठीक से नहीं मालूम है, इसीलिए मेरी कुंडली भी नहीं है। अब इसका ये मतलब तो नहीं है कि मेरा जन्म ही नहीं हुआ। किसी भी घटना का मेरे मन पर क्या प्रभाव पडा, उसकी क्या प्रतिक्रिया हुई, पाठकों के लिए यह अधिक महत्वपूर्ण है।
[आपने इसी पुस्तक में लिखा है कि प्रेम कभी-कभी स्वयं को उग्र और हिंसक रूप में भी प्रकट करता है तो क्या भारती जी का प्रेम भी आपके प्रति कुछ इसी तरह का था?]
हां, ये हो सकता है। पर उनका व्यवहार कभी-कभी इतना निष्करुण हो जाता कि मैं सहन नहीं कर पाता था। दरअसल, वे प्रेम भी सतर्कता के साथ करते थे। एक बार उन्होंने लक्ष्मीचंद्र जैन को पत्र में लिखा कि- नंदन, अब विश्वास के काबिल नहीं रह गया है। तो दूसरी तरफ जब मैं धर्मयुग छोडकर संडेमेल से जुडा तो उसके अंकों की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहते थे- नंदन, जो कुछ भी करता है उसे देखकर मेरी छाती गर्व से फूल जाती है। उनका ये दोहरा प्रेम और रहस्यमयी प्रेमाभिव्यक्ति को मैं कभी नहीं समझ पाया। उनके लिए बस यही कहना चाहूंगा- जब कभी धूप की शिद्दत ने सताया मुझको, याद आया बहुत इक पेड का साया मुझको।
[क्या किशोरावस्था में जिस लडकी को आपने गांव की नदी में तैरना सिखाया उसके प्रति या गांव में ही रहने वाली रूपजीवी की बेटी मानकुंवर के प्रति उत्पन्न लगाव को ही आप अपने जीवन का प्रथम प्रेमानुभव मानते हैं?]
प्रेम का अनुभव हर किसी को नया सबक सिखाता है। हालांकि गांव की उस लडकी या फिर मानकुंवर के प्रति मेरे मन में जो हुआ उसे मैं प्रेम नहीं मानता, लेकिन उस अनुभव से यह सबक मिला कि मेरा दरिया तो कहीं और है, जहां डूबकर मुझे आगे जाना है। मुझे डूबना तो कबूल है पर उथले पानी में डूबना नाकाबिल ए बर्दाश्त रहा है।
[बगैर प्रेम किया गया विवाह कहां तक उचित है? जिसके संग आपका विवाह हुआ क्या उनके प्रति आपके मन में पहले से ही कोई प्रेम भाव था?]
जिसके संग विवाह हो उसके प्रति प्रेम का होना सबसे आवश्यक है। रामावतार चेतन जी से मेरे घनिष्ठ संबंध थे। मेरी पत्नी उन्ही की बहन हैं। दरअसल, उनके घर में सभी के साथ मेरा जुडाव हो गया था। और धीरे-धीरे मन में उनके प्रति प्रेम घना होता गया। चेतन जी से विवाह की अनुमति मांगने पर पहले तो उन्होंने धैर्य रखने को कहा और विचार करते रहे, बाद में विवाह की अनुमति दे दी।
[आत्मकथा लेखन में सच्चाई, पूरी ईमानदारी और साहित्यिक मर्यादा का पालन करना किसी लेखक के लिए कितना आवश्यक है?]
आत्मकथा लेखन में ईमानदारी तो बुनियादी चीज है। एक ही घटना के बारे में सच के स्वरूप अलग-अलग कोणों से भिन्न नजर आते हैं। अपने जीवन में शामिल किन प्रसंगों को देना है किसे नहीं, यह पूरी तरह लेखक पर निर्भर करता है। मैं समझता हूं कि लेखक के जीवन में घटित किसी घटना या संस्मरण का अगर कोई सामाजिक महत्व न हो तो उसे लिखना व्यर्थ है।
[व्यक्ति को किसी न किसी स्तर पर समझौता करना पडता है। ऐसे किसी अनुभव से क्या आप भी रूबरू हुए?]
मेरा मानना है कि जिंदगी का दूसरा नाम ही समझौता है। अगर किसी बडे उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए आपको कुछ समझौते करने पडते हैं तो उसमें कोई बुराई नहीं है। हां ये जरूर है कि समझौता करने की सीमारेखा आपको स्वयं निर्धारित करनी पडती है। आपका विवेक हमेशा आपके साथ रहना चाहिए।
[आजकल मीडिया ने भाषा [विशेषकर हिंदी] के व्याकरण को तहस नहस करने का जो दुष्चक्र रचा है उससे बचने के लिए क्या करना चाहिए?]
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मीडिया ने ही पहले ऐसी व्याकरणहीन [कहना चाहिए आत्माहीन] भाषा को ईजाद किया। अब ये भी आरोप लगाया जाता है कि लोग ऐसी ही भाषा चाहते हैं। लोगों के मन में भाषा के प्रति जागरुकता समाप्त होती जा रही है। कुछ हद तक इसके लिए हमारी शिक्षा प्रणाली भी दोषी है। त्रिभाषा फार्मूला कारगर हो सकता है। अंग्रेजी का दखल हर भाषा के लिए खतरनाक है।
[क्या आप मानते हैं कि साहित्यिक विमर्शो से स्त्री या फिर दलितों की सामाजिक स्थिति में कुछ सुधार हो सकता है?]
साहित्य में ऐसे विमर्शो से लोगों का ध्यान उपेक्षित वर्ग की तरफ जाता है। जागरुकता भी बढती है यानी इस तरह के विमर्श समाज में दलितों और स्त्रियों की स्थिति को समझने में सहायक हो सकते हैं। लेकिन विमर्श के मूल उद्देश्य को भूलकर मात्र नारेबाजी या झंडाबरदारी करना या इनकी आड में अपने निजी हित को साधने के लिए आपस में द्वंद्व करना पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित है साथ ही इससे साहित्यिक गरिमा को भी आघात पहुंचता है।
[विज्ञान भूषण]

स्कूल तक वो रोशनी आयेगी कितने साल में


आनंद राय, गोरखपुर

व्यवस्था की चूक पर शायर अदम गोण्डवी ने सटीक निशाना साधा है। हर विषय पर उनकी तरकश से तीखे तीर निकले हैं। उनकी एक रचना है- जो उलझ कर रह गयी है फाइलों के जाल में, गांव तक वो रोशनी आयेगी कितने साल में। आंकड़ों की बाजीगरी और फाइलों के जाल पर दृष्टिगत अदम का यह शेर परिषदीय विद्यालयों की विद्युतीकरण योजना के लिए भी बिल्कुल सटीक है। गोरखपुर-बस्ती मण्डल में गुजरे वित्तीय वर्ष में कुल 5473 विद्यालयों में विद्युतीकरण करने का लक्ष्य निर्धारित था लेकिन पोल और परिवर्तक के अभाव में 2354 विद्यालयों में विद्युतीकरण का कार्य नहीं हो सका है। मुख्य अभियंता सुरेश राम कहते हैं कि इसके लिए 14.50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि जुलाई 2008 में शासन स्तर से निर्देश हुआ कि बारहवें वित्त आयोग योजनान्तर्गत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण किया जाय। इसके लिए सभी जनपदों में 567 प्राथमिक और 229 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्युतीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। पूरे प्रदेश में 56516 विद्यालय चिन्हित किये गये और इसके लिए एक अरब 64 करोड़ 96 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गयी। गोरखपुर-बस्ती मण्डल के 5473 विद्यालयों के लिए कुल 16.38 रुपये की धनराशि आवंटित की गयी। पावर कारपोरेशन को प्रत्येक विद्यालय के हिसाब से 2200 रुपये दिये गये। तब साफ निर्देश था कि उन्हीं विद्यालयों को चयनित किया जाय जहां गांव में बिजली गयी है। सूची बनाते समय ऐसे विद्यालय भी चयनित हुये जहां बिजली के पोल नहीं थे अथवा परिवर्तक नहीं लगे थे। विद्युतीकरण का कार्य शुरू हुआ तो व्यवहारिक अड़चन शुरू हो गयी। महज 2200 रुपये की पूंजी में बिना पोल और परिवर्तक के विद्युतीकरण करना कठिन हो गया। जिन विद्यालयों को सिर्फ केबल से जोड़कर ऊर्जित करना था उनमें कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन जहां पोल और परिवर्तक लगाने थे वे विद्यालय अतिरिक्त बजट न होने से विद्युतीकरण से वंचित रह गये। उन विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बिजली के पंखे की हवा नसीब नहीं हुई। इस संदर्भ में पावर कारपोरेशन गोरखपुर जोन मुख्यालय के अधीक्षण अभियंता ओ.पी. गुप्ता से बातचीत की गयी तो उन्होंने बताया कि 5473 विद्यालयों के लक्ष्य के सापेक्ष 3119 विद्यालयों का विद्युतीकरण हो गया है। 879 विद्यालयों में पोल लगाकर विद्युतीकरण करना है जबकि 1475 विद्यालयों के विद्युतीकरण के लिए परिवर्तक लगाना जरूरी है। इसके लिए क्रमश: 403.34 लाख और 1047.12 लाख रुपये की जरूरत है। मुख्य अभियंता श्री सुरेश राम ने बताया कि इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पैसा मिलते ही कार्य शुरू हो जायेगा। विशेषज्ञ बताते हैं कि चूंकि जो धनराशि मुहैया करायी गयी थी वह विद्यालयों में फर्नीचर के लिए बारहवें वित्त आयोग से स्वीकृत थी। अब बजट बढ़ जाने से मामला फाइलों में उलझ कर रह गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि शासन स्तर पर इसके लिए पहल की गयी है। अब यह पहल कब तक कारगर होगी यह तो समय बतायेगा लेकिन 2354 विद्यालयों के विद्युतीकरण की फिलहाल कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
..............................
Bookmark and Share