17 मई 2009

बदल गयी गोरखपुर-बस्ती मण्डल की सियासी तस्वीर


आनन्द राय, गोरखपुर

पन्द्रहवीं लोकसभा के चुनाव परिणामों ने गोरखपुर बस्ती मण्डल की पिछली सियासी तस्वीर बदल दी है। इस बार के जनादेश ने दोनों मण्डलों की नौ संसदीय सीटों की गणित में हेर-फेर कर दिया है। अबकी दोनों मण्डलों से सपा साफ हो गयी है। कांग्रेस और बसपा ने बढ़त हासिल की है जबकि भाजपा अपने पुराने रिकार्ड पर ठहर गयी है। सपा के लिए यह चुनाव सर्वाधिक दुखदायी साबित हुआ है। भाजपा को भी अपने नये प्रयोग का लाभ नहीं मिल पाया। गोरखपुर-बस्ती मण्डल में गोरखपुर, बांसगांव, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, सलेमपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और डुमरियागंज संसदीय क्षेत्र हैं। परिसीमन में पड़रौना संसदीय क्षेत्र को बदलकर कुशीनगर और खलीलाबाद को संतकबीरनगर का नाम दिया गया है। पिछली बार यहां दो सीट सपा, तीन बसपा, दो भाजपा और एक कांग्रेस तथा एक निर्दल उम्मीदवार के खाते में थी। इस बार चुनाव में गोरखपुर से भाजपा के योगी आदित्यनाथ और बांसगांव से कमलेश पासवान, बसपा से सलेमपुर में रमाशंकर विद्यार्थी, बस्ती से अरविन्द चौधरी, देवरिया से गोरखप्रसाद जायसवाल और संतकबीरनगर से भीष्मशंकर तिवारी तथा कांग्रेस से कुशीनगर में आर.पी.एन. सिंह, महराजगंज में हर्षव‌र्द्धन सिंह और डुमरियागंज में जगदम्बिका पाल चुनाव जीते हैं। गोरखपुर की सीट को योगी आदित्यनाथ ने चौथी बार अपने नाम किया है जबकि पिछली बार कांग्रेस के महावीर प्रसाद के नाम रही बांसगांव संसदीय सीट को इस बार कमलेश पासवान ने भाजपा के खाते में डाल दिया है। पिछली बार महराजगंज से चुनाव जीतने वाले भाजपा के पंकज चौधरी ने अबकी बार अपनी सीट गंवा दी। यह सीट कांग्रेस के पाले में गयी है और यहां कांग्रेस के हर्षव‌र्द्धन सिंह ने विजयश्री हासिल करके एक रिकार्ड बनाया है। कुशीनगर संसदीय सीट पर कांग्रेस के ही कंुवर आर.पी.एन. सिंह ने अपना कब्जा जमाकर पिछली बार मामूली मतों से हारने की कसक मिटा दी है। डुमरियागंज सीट जीतकर जगदम्बिका पाल ने कांग्रेस की संख्या बढ़ायी है। यह सीट उन्होंने बसपा के मुकीम से छीनी है। बस्ती संसदीय क्षेत्र से बसपा के अरविन्द चौधरी जीते हैं। यह सीट पिछली बार भी बसपा के नाम रही। तब यह सीट सुरक्षित थी और लालमणि प्रसाद यहां चुनाव जीते थे। इस बार सामान्य सीट होने पर यहां अरविन्द चौधरी ने अपना खाता खोला। खलीलाबाद संसदीय क्षेत्र भी पिछली बार बसपा के खाते में थी। यहां उपचुनाव में बसपा उम्मीदवार भीष्म शंकर तिवारी चुनाव जीते। खलीलाबाद से बदलकर नयी बनी संतकबीरनगर सीट पर फिर बसपा के ही भीष्मशंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी ने कब्जा जमाया है। देवरिया संसदीय क्षेत्र पिछली बार समाजवादी पार्टी के मोहन सिंह के नाम रही। इस बार बहुजन समाज पार्टी के गोरख प्रसाद जायसवाल ने यह सीट अपनी पार्टी की झोली में डाल दी। इसी जिले की सलेमपुर संसदीय सीट को भी बसपा के रमाशंकर विद्यार्थी ने सपा के हरिकेवल प्रसाद से छीनकर अपनी पार्टी की सीटों की संख्या बढ़ा दी है। अबकी बार गोरखपुर बस्ती मण्डल के चुनाव परिणाम की खासियत यह रही कि कुशीनगर, संतकबीरनगर, बांसगांव, गोरखपुर, सलेमपुर और बस्ती में मतदाताओं ने युवा उम्मीदवारों को मौका दिया है।

अकेले पड़ गए केन्द्रीय मंत्री महावीर प्रसाद


आनंद राय , गोरखपुर :

शनिवार को गोरखपुर की महेवा मण्डी सियासी उतार चढ़ाव का पैमाना बन गयी। भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री और बांसगांव संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार महावीर प्रसाद की सियासी तकदीर इसी मण्डी के एक पण्डाल में दरक रही थी। यद्यपि इस पण्डाल में संसदीय क्षेत्र के सिर्फ तीन विधानसभा क्षेत्रों की ही मतगणना हो रही थी लेकिन दो अन्य विधानसभा क्षेत्रों के परिणाम भी संचार माध्यमों से पहंुच रहे थे। यह पण्डाल भाजपा के युवा प्रत्याशी कमलेश पासवान की तकदीर के उत्कर्ष का गवाह बना हुआ था। इसी पण्डाल में बहुतों की दम तोड़ती उम्मीदें साफ दिख रही थीं। बांसगांव संसदीय क्षेत्र का यह पण्डाल बदलते हुये राजनीतिक नतीजे का गवाह था। पिछली बार चुनाव में कांग्रेस के महावीर प्रसाद ने बसपा उम्मीदवार सदल प्रसाद को हराकर जीत हासिल की। इस बार विजय का सेहरा भाजपा उम्मीदवार कमलेश पासवान के माथे बांधा गया। इस बार भी बसपा दूसरे नम्बर पर थी और उसके उम्मीदवार श्रीनाथ एडवोकेट आखिरी सांस तक लड़े। कांग्रेस और सपा की जमीन दरक गयी। चुनाव तक केन्द्रीय मंत्री महावीर प्रसाद की वजह से बांसगांव संसदीय क्षेत्र पर लोगों की निगाह थी लेकिन शनिवार को निगाहों के केन्द्र में कमलेश पासवान आ गये। सुबह ही मतगणना के समय महावीर प्रसाद पण्डाल में आये थे लेकिन रुझान देखकर थके मन से वापस लौट गये। इस संसदीय क्षेत्र में गोरखपुर जिले की बांसगांव, चौरीचौरा और चिल्लूपार विधानसभा सीटें शामिल हैं जबकि देवरिया जिले की रुद्रपुर और बरहज को भी परिसीमन में लिया गया है। इन पांचों सीटों पर कमलेश के बेहतर प्रदर्शन ने बाकी लोगों की उम्मीदों को धराशायी कर दिया। पण्डाल में भाजपा की ओर से जिलाध्यक्ष मार्कण्डेय राय मोर्चा संभाले थे। भाजपा के पक्ष में मतों की बढ़त उनके दर्प को बढ़ा रही थी। भाजपाईयों की खुशी और रौनक देखने लायक थी। कमलेश पासवान सुबह एक चक्र घूमकर देवरिया चले गये थे लेकिन दोपहर बाद लौटे तो फिर यहीं जम गये। दोपहर को ही कमलेश पासवान की मां और पूर्व सांसद सुभावती पासवान भी यहां आयी। बेटे की जीत की खुशी ने उन्हें भावविह्वल कर दिया।

गोरखपुर ने स्वीकार नहीं किया तो क्या कहूं


आनंद राय , गोरखपुर :

भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार और गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से सपा उम्मीदवार मनोज तिवारी मृदुल ने अपनी हार को बहुत ही सहजता से लिया। मतगणना के शुरूआती रुझान को भांपकर ही वे पण्डाल से बाहर निकल पड़े और चेहरे पर हारी हुई मुस्कान लिये बोले- यदि गोरखपुर की जनता ने मुझे स्वीकार नहीं किया तो क्या कहूं। पर उन्होंने तुरंत यह भी कहा मुझे वोट भले कम मिला लेकिन जनता ने खूब प्यार दिया और मेरी सभाओं में सबसे ज्यादा भीड़ आयी। कभी भोजपुरी गायन और फिर भोजपुरी फिल्मों के चुनाव में गोरखपुर की जनता ने मनोज को सिर आंखों पर बिठाया लेकिन सियासी चुनाव में उन्हें नकार दिया। यह टीस उनके चेहरे पर चस्पा थी। मन की पीड़ा को बाहर करते हुये उन्होंने कहा कि मैंने यहां के लोगों का प्यार देखकर ही अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी। मेरी अपेक्षा पूरी होती तो मैं अपने वादे भी पूरा करता। मनोज ने कहा कि मैंने तो सदियों से पिछड़े गोरखपुर में दिया जलाने की कोशिश की लेकिन जनता हवा के रुख से इसे संभाल नहीं सकी। इस संवाददाता ने सवाल किया कि क्या अब आपका गोरखपुर से मोहभंग हो जायेगा? मनोज ने बात काटी। बोले-नाहि जी जइसन पहिले रहलीं जा वइसहीं रहब॥हम कवनो राजनीतिज्ञ थोड़े बांटि। इहां क बेटवा हईं आ इहां के लोग जीवन भर हमरा हृदय में रइहें।

इस बीच मनोज ने एक शेर भी सुनाया-
जो आंसू तुमने सौंपे हैं मुझे उनसे गिला क्यों हो ,
समय का दौर ऐसा है की अपने ही रुलाते हैं।
बंधे हो पाँव में पत्थर हमें तो दौड़ना होगा,
रुके कैसे की कल के रास्ते हमको बुलाते हैं।


तो क्या राजनीति में बने रहेंगे? मनोज ने कहा कि अब हम जो भी फैसला करेंगे सोच समझ कर करेंगे। गोरखपुर के लिए मेरा प्यार बना रहेगा। यहां मेरे पास खोने के लिए कुछ नहीं है क्योंकि यहीं के लोगों ने मुझे सब कुछ दिया है। जब उनसे यह कहा गया कि क्या अब आपकी रफ्तार धीमी हो जायेगी तो उनका कहना था कि एक कलाकार के रूप में मेरी जो रफ्तार थी वह और तेज हो जायेगी। मनोज मृदुल पूरे चुनाव में राज ठाकरे को सबक सिखाने का एलान करते रहे। जब उनसे पूछा गया कि अब कैसे सबक सिखायेंगे तो उन्होंने कहा कि यह कसक हमारे मन में बनी रहेगी।


15 मई 2009

बँधी है लेखनी, लाचार हूँ मैं


यह रचना महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की है। बहुत ही प्रेरित करती है और मन की ताकत बढाती है। कई बार व्यथा को कम करने में सहायक होती है। वाकई मुझे बहुत पसंद है।

सलिल कण हूँ, या पारावार हूँ मैं
स्वयं छाया, स्वयं आधार हूँ मैं
बँधा हूँ, स्वपन हूँ, लघु वृत हूँ मैं
नहीं तो व्योम का विस्तार हूँ मैं
समाना चाहता है, जो बीन उर में
विकल उस शुन्य की झनंकार हूँ मैं
भटकता खोजता हूँ, ज्योति तम में
सुना है ज्योति का आगार हूँ मैं
जिसे निशि खोजती तारे जलाकर
उसीका कर रहा अभिसार हूँ मैं
जनम कर मर चुका सौ बार लेकिन
अगम का पा सका क्या पार हूँ मैं
कली की पंखुडीं पर ओस-कण में
रंगीले स्वपन का संसार हूँ मैं
मुझे क्या आज ही या कल झरुँ मैं
सुमन हूँ, एक लघु उपहार हूँ मैं
मधुर जीवन हुआ कुछ प्राण! जब से
लगा ढोने व्यथा का भार हूँ मैं
रुंदन अनमोल धन कवि का, इसी से
पिरोता आँसुओं का हार हूँ मैं
मुझे क्या गर्व हो अपनी विभा का
चिता का धूलिकण हूँ, क्षार हूँ मैं
पता मेरा तुझे मिट्टी कहेगी
समा जिस्में चुका सौ बार हूँ मैं
न देंखे विश्व, पर मुझको घृणा से
मनुज हूँ, सृष्टि का श्रृंगार हूँ मैं
पुजारिन, धुलि से मुझको उठा ले
तुम्हारे देवता का हार हूँ मैं
सुनुँ क्या सिंधु, मैं गर्जन तुम्हारा
स्वयं युग-धर्म की हुँकार हूँ मैं
कठिन निर्घोष हूँ भीषण अशनि का
प्रलय-गांडीव की टंकार हूँ मैं
दबी सी आग हूँ भीषण क्षुधा का
दलित का मौन हाहाकार हूँ मैं
सजग संसार, तू निज को सम्हाले
प्रलय का क्षुब्ध पारावार हूँ मैं
बंधा तुफान हूँ, चलना मना है
बँधी उद्याम निर्झर-धार हूँ मैं
कहूँ क्या कौन हूँ, क्या आग मेरी
बँधी है लेखनी, लाचार हूँ मैं ।।

शहीदे-आजम भगत सिंह

साभार दैनिक जागरण
देश की स्वतंत्रता के लिए प्राणों की आहुति देने वाले क्रंातिकारियों में अग्रणी हैं शहीदे-आजम भगत सिंह। एक कृतज्ञ राष्ट्र अपने सपूतों की स्मृति से ज्योतित होता रहता है। भगतसिंह के जीवन और विचारों पर केन्द्रित दो पुस्तकों के महत्व को इस आलेख में रेखांकित किया है केशव तिवारी ने। इधर सुधीर विद्यार्थी के संपादन में दो किताबें शहीद भगत सिंह क्रांति का साक्ष्य और जब ज्योति जगी [सुखदेव राज के संस्मरण] आई हैं। सुखदेव राज क्रान्तिकर्म में रत थे और शहीद चंद्रशेखर की शहादत के वक्त उनके साथ रहे। पहली किताब में भगत सिंह जी के साथियों और उनसे जुडे लोगों के संस्मरण हैं। इन संस्मरणों से गुजरते हुए शहीदे आजम का जो एक चरित्र उभरता है वो बताता है कि एक क्रांतिकारी अपने लोगों के बीच किस सहजता से उस अतिमानवीयता को जीता है जिसका उद्देश्य ही विश्व को उत्पीडन मुक्त करना है। पूरी किताब एक दस्तावेज है कि तेइस साल का एक युवा अपनी जातीयता से प्रभावित होकर विश्व की राजनीति से किस तरह जुडा। उसका स्वप्न साम्राज्यवाद के नाश तक ही सीमित नहीं था बल्कि उसका विस्तार एक क्रांतिकारी समाज के निर्माण तक था। शहीद करतार सिंह सराबा से प्रेरणा लेने वाला यह शहीद कितने ही देश के युवाओं को वह सपना दिखा चुका था। उनके फांसी पर चढते वक्त जयदेव कपूर ने पूछा, सरदार तुम मरने जा रहे हो मैं जानता हूं तुम्हें इसका अफसोस नहीं है। सुनकर ठहाका मारकर हंसे फिर गंभीर होकर बोले, क्रांति के मार्ग पर कदम रखते समय मैंने सोचा था कि यदि मैं अपना जीवन देकर देश के कोने-कोने तक इंकलाब का नारा पहुंचा सका तो मैं समझूंगा कि मुझे अपने जीवन का मूल्य मिल गया..। फिर रुककर कहा, इस छोटी सी जिंदगी का इससे अधिक मूल्य भी क्या हो सकता है। आगे शिववर्मा लिखते हैं कि वह बहुत ही सौंदर्यप्रिय थे। संगीत और कला से उन्हें बहुत प्रेम था। हिंदी, उर्दू, पंजाबी से गहरा लगाव था। कामरेड सोहन सिंह की गुरुमुखी और उर्दू से निकलने वाली पत्रिका कीर्ति में लेख लिखते थे। वास्तव में यह पुस्तक शहीदे आजम पर संस्मरणों का लहराता समुद्र है, जिसमें उन्हें सतह से जानने वालों के लिये एक सम्पूर्ण क्रांतिकारी का चरित्र खुलता है। मथुरादास थापर लिखते हैं कि काकोरी केस के क्रांतिकारियों को फांसी की सजा सुनकर लौटे तो पूछा, मथुरा तू इंस्टीट्यूट से क्यों लौट आया?-यह सुनकर सारा देश रो रहा है। मैं कैसे पढता? बोले तू ये सब छोड हम ही काफी हैं यह गम उठाने के लिये। पूरी किताब बार-बार यह सोचने पर मजबूर करती है कि एक युवा सिख किस नजर से देख रहा था अपनी दुनिया के एक मुक्कम्मल क्रांतिवीर और एक मुक्कम्मल स्वप्नदर्शी को। यह ताकत उसने अपनी जनता और दर्शन से हासिल की। इस पुस्तक की सबसे बडी खूबी यह है कि सुधीर विद्यार्थी ने जो चयन किया है उसमें हर लेखक भगत सिंह के चरित्र के एक नये आयाम ही खोलता है। उनका राजनैतिक चिंतन, उनका जीवन, अपनी मिट्टी-बोली-बानी से प्रेम, उनकी कलाप्रियता और अपनी जमीन पर खडे होकर विश्व को देखना जैसा की बटुकेश्वरदत्त कहते हैं, सन् 1927- 28 में क्रांति के साथ राष्ट्रीय संकट का भी काल था। जहां आर्थिक परिवर्तनों द्वारा शोषण विहीन समाज भगत सिंह का लक्ष्य था। वहीं ट्रेड डिस्प्यूट बिल स्वीकृत करा लिया गया था। लाखों लाखों लोग अपनी आर्थिक दशा सुधारने के प्रयास हडताल से भी वंचित कर दिये गये। पब्लिक सेफ्टी बिल, ट्रेड डिस्प्यूट बिल के विरोध के चलते लाला लाजपतराय की हत्या का उन पर गहरा प्रभाव पडा, वो समझते थे कि इन नंगे-भूखों की लडाई लडे बिना इन्हें राष्ट्र की आजादी कभी पूरी नहीं मिलेगी। राजनीति के साथ-साथ आर्थिक लडाई भी एक बडा मुद्दा था। एक संस्मरण विरेन्द्र सिन्धु का है- स्वभाव के आइने से। इससे हमें उनके मूल स्वभाव का पता चलता है कि वे अति संवेदनशील और हंसमुख व्यक्तित्व के स्वामी थे। चीजों को समझने-समझाने की कोशिश करते थे। जिद्दी और कट्टर बिल्कुल नहीं। बहुमत से अपने खिलाफ निर्णय को भी प्रजातांत्रिक ढंग से स्वीकार कर लेते थे। यह दिखाता है कि जीवन के इन मूल्यों को धारण करके ही वो शहीदे आजम हो पाये। अंत में जितेन्द्र सान्याल ने भगत सिंह को फांसी पर कांग्रेसी नेताओं की राय उनकी निरीहता और उनके मुकदमे की कार्यवाही और उनकी दलीलों का जिक्र किया है। दूसरी किताब जब ज्योति जगी सुधीर विद्यार्थी के संपादन में क्रांतिकारी सुखदेव राज का संस्मरण है। यूं तो यह भी संस्मरण ही है परन्तु यह इस मामले में भिन्न है कि एक व्यक्ति जो आजाद की शहादत के वक्त उनके साथ तथा तमाम क्रांतिकारी गतिविधियों में लिप्त था वह इस समूचे परिदृश्य को कैसे देख रहा था। पूरे संस्मरणों में विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं को बहुत सा सीधे- सादे ढंग से बिना किसी लागलपेट के दिया गया है। यशपाल पर लेखक की राय एक नई बात खोलती है जो शायद इस पुस्तक के पहले लोगों को मालूम न हो पाती कि कैसे व्यक्तिवाद क्रांतिकारी पार्टियों में पनप जाता है और आजाद को अन्तत: अपने लोगों की ही हुकुमउदूली और रूमानी कमजोरियों से लडना पडा। सुखदेव राज ने बाद के जीवन का एक हिस्सा छत्तीसगढ दुर्ग के अंडा गांव में कुष्ठ रोगियों की सेवा में बिताया, यह बताता है कि क्रांति से विरत होकर भी वह मानवता से कभी विरत नहीं हुए। पुस्तक भगवतीचरण वर्मा और दुर्गा भाभी को लेकर पैदा की गई गलतफहमी पर भी खुलकर चर्चा करती है। अपने संस्मरण में लेखक ने अपने साथियों की शहादत को बहुत ही शिद्दत से याद किया है। इसमें भगवती भाई और सालिग राम का बलिदान, पृथ्वी सिंह को खोजकर क्रांतिकारियों का मिलना, इस संघर्ष का ही नया मोड है। आजाद और पं. जवाहरलाल के बीच एक वार्ता का जिक्र है जिसमें गांधी इरविन समझौते में आजाद वह शर्त शामिल नहीं करवा सके जिसमें क्रांतिकारियों को छोडने और उनके विरुद्ध वारंट वापस लेने की बात थी। यह पुस्तक एक पूरे के पूरे परिदृश्य का खाका खींचती है। यह वस्तुत: एक समूचे काल खण्ड का दस्तावेज है जिसमें क्रांति और व्यक्ति के अंतर्सबंधों की गहरी पडताल है।
..............................
Bookmark and Share