27 नव॰ 2008

वी पी सिंह ने डायलिसिस से उठकर लड़ी किसानों की लड़ाई


भारत के दसवें प्रधानमंत्री वी पी सिंह ने ७७ साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की ख़बर आयी तो चौंकने जैसी कोई बात नही थी। लंबे समय से मौत उनके निकट थी और वे पल पल उससे जूझ रहे थे। पूर्वांचल के इस इलाके से उनका ख़ास जुडाव था। वी पी सिंह से मेरी जान पहचान अखबार में आने के बाद हुई। पर मैंने कई बार उन्हें बेहद करीब से अनुभव किया। जब उन्होंने राजीव गांधी के ख़िलाफ़ अपनी आवाज बुलंद की और बोफोर्स का मुद्दा खडा किया तब उनके साथ देवरिया के राजमंगल पाण्डेय, घोसी के राजकुमार राय और लालगंज के सांसद रामधन सबसे आगे थे। पूर्वांचल से वी पी सिंह का जुडाव था और यहाँ के लोग उन्हें अपने कंधे पर उठाकर देश का नेता बना रहे थे। इलाहबाद उप चुनाव जीतने के बाद वी पी सिंह और देवीलाल समेत कई नेता दौरे पर निकले थे। गोरखपुर से होकर जब वी पी सिंह दोहरीघाट पहुंचे तो उनके साथ दिल्ली के पत्रकारों की टीम थी। वे दोहरीघाट पम्प कैनाल के डाक बंगले पर रुके। मेरे कुछ जानने वाले आदरणीय लोग उनकी प्रेस कांफ्रेंस में जा रहे थे। मैंने भी इच्छा जतायी लेकिन ले नही गए। दोहरीघाट में जब उनकी सभा शुरू हुई तो मैं बतौर श्रोता वहाँ गया। दिल्ली से इंडियन एक्सप्रेस के फोटो जर्नलिस्ट आर के दयाल, हिन्दुस्तान टाइम्स के सौम्य के घोस, इंडियन एक्सप्रेस की अंजली समेत कई खबरनवीस थे। उन लोगों को रास्तों की जानकारी के लिए किसी स्थानीय आदमी की जरूरत थी। आर के दयाल को बाहर का अखबारी समझ कर मैं उनके पास गया। कुछ पूछना चाहा उसके पहले ही उन्होंने मेरा परिचय पूछा। फ़िर साथ चलने के लिए न्योता दिया। मैं अमिला, बोझी होते हुए आजमगढ़ तक उन लोगों के साथ गया। वहाँ डाक बंगले में वी पी सिंह से वे लोग मिले। मैं भी साथ साथ था। उस समय तक जनसत्ता के विवेक सक्सेना भी आ गए थे। गरून् होटल में खाना खाते समय सबने यह तय कर दिया था की अगले पीएम वीपी सिंह ही हैं। बात आयी गयी हो गयी। वी पी सिंह प्रधान मंत्री बने और हट भी गए। लेकिन ऐसा लगा अपने कुछ निर्णयों से पूर्वांचल की जनता के दिलों पर राज लगे। तो कुछ निर्णयों ने उनके विरोध में बड़ी लकीरें भी खींच दी। पर कभी उन्होंने इस अंचल से अपना लगाव कम नही किया। जब भी संघर्ष की जरूरत पडी वे इस इलाके में हाजिर थे। इंदिरा गांधी की ह्त्या के बाद राजीव गांधी के भी करीबी रहे वी पी सिंह की सत्ता में खूब धमक थी लेकिन बोफोर्स मसाले को लेकर जब वे जनता के बीच आए तो जननायक बन गए। मैंने उनकी यात्रा में दिग्गजों को देखा था। तब लोगों को यह नारा लगाते सुना- राजा नही फ़कीर है, भारत की तकदीर है। दसवें प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने शपथ ली उअर अपने एक निर्णय से सत्ता से हाथ धो बैठे। देश का एक समूह उनके विरोध में खडा था। जब उन्होंने मंडल कमीशन लागू किया तब आम जनमानस के बीच उनकी छवि बदल गयी। तब उनके पक्ष और प्रतिपक्ष में लोग मुखर थे। जो उन्हें भारत की तकदीर कहते नही थक रहे थे वही उनके ख़िलाफ़ नारे गढ़ने में आगे हो गए। तब यह नारा गूंजा- राजा नही रंक है, भारत का कलंक है। पर वे इससे विचलित नही हुए। उन्होंने रामविलास पासवान और शरद यादव जैसे नेताओं को एक पहचान देकर अपनी सोच को अमलीजामा पहना दिया। मैं उन दिनों वी पी सिंह के ख़िलाफ़ था। तब अपने क्षेत्र के नेता और वी पी सिंह के धुर विरोधी कल्पनाथ राय का कार्यकर्ता था। मैंने अपने साथी अवध बिहारी राय, विपिन बिहारी श्रीवास्तव और कमलेश राय के साथ आन्दोलन पर आमादा था। एक सुबह हम चारो को गिरफ्तार कर लिया गया। आजमगढ़ जेल में काफी दिनों तक हम लोग बंद रहे। फ़िर कुछ समय बाद यह सब कुछ यादों की तरह रह गया।
वी पी सिंह से सन्दर्भ और संपर्क का दूसरा चरण गोरखपुर दैनिक जागरण में आने के बाद शुरू हुआ। कई बार प्रेस कांफ्रेंस में उनसे मुलाक़ात हुई लेकिन कभी कोई ख़ास बात नही हुई। बाद में एक संपर्क के जरिये वे मुझे पहचानने लगे थे। २००० में मैं प्रेस क्लब का अध्यक्ष चुना गया । एक बार वे किसानो के आन्दोलन में आए तो कल्ब कोषाध्यक्ष राजीव ओझा और संयुक्त मंत्री राजशेखर ने उनका प्रेस से मिलिए कार्यक्रम आयोजित कराने का सुझाव दिया। वे क्लब में आए तो बहुत खुश हुए। उनके साथ दिल्ली में झोपड़ पत्ती आन्दोलन से जुड़े महेंद्र भी थे। कई बार फोन पर वी पी सिंह से बात होती और उनसे सवाल जवाब चलता। मैंने उन्हें बताया की मैंने उनके विरोध में जेल यात्रा भी की है। वी पी सिंह हंसने लगे थे। उन्होंने कहाविरोध और समर्थन एक प्रक्रिया है और यह कभी स्थायी नही होते। उनके साहित्य और संवेदना से मुझे करीब होने का कई बार अवसर मिला। प्रेस क्लब के वार्षिक समारोह में वही हमारे मुख्य अतिथि थे। उन्होंने पत्रकार राजेश सिंह बसर की किताब एक ही चेहरा का विमोचन भी किया। उन्होंने मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया और यह जरूर कहते की गोरखपुर के पत्रकार बहुत जागरूक हैं। वे डायलिसिस से उठकर कई बार किसानों के आन्दोलन में भी आए। जब भी जनता के ख़िलाफ़ निजाम की नजर टेढी हुई तो बगावती तेवर लिए वे यहाँ जरूर आते रहे। जिस शाम प्रेस क्लब के कार्यक्रम में शामिल होकर वे दिल्ली गए बीमार पड़ गए। उन्होंने हमसे फोन पर बातचीत की और हमारे कार्यक्रम की सराहना की। यह भी कहा की आप साहित्यकारों का एक कार्यक्रम कराओ और मुझे भी बुलाओ। मैंने कई बार इस पर विचार किया लेकिन सम्भव नही हो सका। हमारे सम्पादक शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने संवाद का आयोजन किया तो मैंने वी पी सिंह को बताया की हमारे यहाँ देश भर के साहित्यकार जुट रहे हैं। आप भी आइये। पर उस समय वे बिस्तर से उठने की हालत में नही थे। राजबब्बर ने उनके बारे में मुझे बताया की उनके जैसा है जो मुद्दों को लेकर हमेशा कुछ कराने के लिए तैयार रहता है। जो कुछ हो हमने अपने बीच से एक संवेदनशील आदमी खो दिया है। उनकी कमी हमेशा बनी रहेगी।

16 नव॰ 2008

इनकी व्यथा के लिए मुझे शब्द चाहिए


चाहता हूँ इनके लिए कुछ लिखूं पर मेरे पास शब्द नही हैं। दैनिक जागरण के ११ नवम्बर के अंक में इनसे सम्बंधित मेरी एक रिपोर्ट छपी है लेकिन उससे ख़ुद मेरे मन को तसल्ली नही है। ये लोग कुदरत के सताए हुए हैं। एक परिवार की दो पीढियों को ऐसी सजा मिली किआंखों से खून के आंसू आ जाते हैं। गोरखपुर जिले के पिपराइच विकास खंड के एकला गाँव का रामलाल बेहद गरीब है। बीस साल पहले शारदा नाम की महिला से उसकी शादी हुई। इस समय उसके पाँच बच्चे हैं। इनमे एक बेटी है जो आँख से अंधी है और चार बेटे जिनकी शक्ल देखकर लगता है कि वे आदिमानव युग के हैं। सब मंदबुद्धि के हैं। ख़ुद कपडा नही पहन सकते। घर में उधम मचाते हैं। गरीबी अलग से मुश्किल खडी की है। बेटी की आँख की रोशनी लाने के लिए रामलाल अपनी १६ डिसमिल जमीन बेच चुका है। दिन भर की मेहनत मजूरी से घर की रोजी चलती है। जिस दिन रामलाल और शारदा की काम कराने की ताकत ख़त्म हो जायेगी उस दिन इस कुनबे की रोजी रोटी कैसे चलेगी। हमने ऐसे बहुत से लोगों की तकलीफ और दुःख दर्द को अपनी ख़बर के लिए करीब से देखा है लेकिन यह तो ऐसा दर्द है जो मुझे कई दिनों से परेशान किए है। हो सकता है कोई शक्ति उन्हें जीवन की राह दिखाए लेकिन अभी तो कंही से कोई उम्मीद नजर नही आ रही है। इस परिवार के लिए जब तलक भोर का सूरज नजर नही आता मुझे अंधेरों से बगावत करने के लिए ताकत चाहिए। मैं इस बगावत के लिए शब्द तलाश रहा हूँ। शायद मिल जाएँ और उनकी व्यथा को अक्षर अक्षर जोड़ सकूं।

18 अक्टू॰ 2008

नीरज का गुबार

गोपाल दास नीरज की यह रचना मन को छू जाती है
स्वप्न झरे फूल से,मीत चुभे शूल से,लुट गये सिंगार सभी बाग़ के बबूल से,और हम खड़ेखड़े बहार देखते रहे।कारवाँ गुज़र गया, गुबार देखते रहे!नींद भी खुली न थी कि हाय धूप ढल गई,पाँव जब तलक उठे कि ज़िन्दगी फिसल गई,पातपात झर गये कि शाख़शाख़ जल गई,चाह तो निकल सकी न, पर उमर निकल गई,गीत अश्क बन गए,छंद हो दफन गए,साथ के सभी दिऐ धुआँधुआँ पहन गये,और हम झुकेझुके,मोड़ पर रुकेरुकेउम्र के चढ़ाव का उतार देखते रहे।कारवाँ गुज़र गया, गुबार देखते रहे।क्या शबाब था कि फूलफूल प्यार कर उठा,क्या सुरूप था कि देख आइना मचल उठाथाम कर जिगर उठा कि जो मिला नज़र उठा,एक दिन मगर यहाँ,ऐसी कुछ हवा चली,लुट गयी कलीकली कि घुट गयी गलीगली,और हम लुटेलुटे,वक्त से पिटेपिटे,साँस की शराब का खुमार देखते रहे।कारवाँ गुज़र गया, गुबार देखते रहे।हाथ थे मिले कि जुल्फ चाँद की सँवार दूँ,होठ थे खुले कि हर बहार को पुकार दूँ,दर्द था दिया गया कि हर दुखी को प्यार दूँ,और साँस यूँ कि स्वर्ग भूमी पर उतार दूँ,हो सका न कुछ मगर,शाम बन गई सहर,वह उठी लहर कि दह गये किले बिखरबिखर,और हम डरेडरे,नीर नयन में भरे,ओढ़कर कफ़न, पड़े मज़ार देखते रहे।कारवाँ गुज़र गया, गुबार देखते रहे!माँग भर चली कि एक, जब नई नई किरन,ढोलकें धुमुक उठीं, ठुमक उठे चरनचरन,शोर मच गया कि लो चली दुल्हन, चली दुल्हन,गाँव सब उमड़ पड़ा, बहक उठे नयननयन,पर तभी ज़हर भरी,गाज एक वह गिरी,पुँछ गया सिंदूर तारतार हुई चूनरी,और हम अजानसे,दूर के मकान से,पालकी लिये हुए कहार देखते रहे।कारवाँ गुज़र गया, गुबार देखते रहे।

16 अक्टू॰ 2008

अरविन्द का बुकर

३३ साल के अरविन्द को बुकर अवार्ड मिला हैइसे लेकर हाय तौबा मची है मुझे लग रहा है कि यू पी और बिहार की गरीबी को शब्दों में पिरो कर और उसे बेचकर लोग बाग़ पुरस्कार जीत रहे हैं अक्सर देखा जा रहा है कि हम लोग सिर्फ़ किस्से और कहानियों की विषय वास्तु बन कर रह गए हैं कई फिल्में भी यहीं की जमीन से जुडी होती हैं और उसमें हमारे यहाँ की भाषा और बोली शामिल करके खूब पैसा कमाया जा रहा है वही फिल्में हिट भी होती हैं अमिताभ ने फिल्मों में यहाँ की बोली शामिल कर दी वह बाक्स आफिस पर हिट कर गयी दुनिया गिरमिटिया मजदूरों के इस इलाके की भूख, गरीबी और दर्द को अपने मजे का विषय समझ रही है अरविन्द के उपन्यास में जिस ट्रक ड्राइवर की जिंदगी को नायक और खलनायक के रूप में प्रस्तुत किया गया है वैसी जिंदगी तो बहुतेरों की है लेकिन उसमे मजा यह है कि आगे बढ़ने के लिए बिहार और यू पी के लोग कैसे होते हैं मुम्बई और दिल्ली में तो यू पी और बिहार के लोगों को किस नजर से देखा जाता है यह भी किसी से छिपा नही है

9 अक्टू॰ 2008

रावण की कथा सुनिए


एक चैनल पर रावण राम कथा सुना रहा था. देखा तो दिल बैठने लगा. अब अपना दर्द किससे कहें. रावण वैसे तो हर साल जलता है लेकिन उठकर खड़ा हों जाता है. पर चैनल वाले ने उससे अपनी जान पहचान कुछ ज्यादा ही बढा ली तभी तो वह तैयार हों गया अपने सबसे बडे दुश्मन की गौरवगाथा का बखान करने के लिये. राम वाकई राम हैं. रावण उनकी गाथा बखान कर रहा है तो कुछ गलत नही कह रहा है लेकिन टी वी वाले चैनल की महिमा मुझे कुछ ज्यादा ही न्यारी लगी. अब कोई पूछे कि ऐसा क्या हों गया उससे पहले ही मैं अपनी बात साफ कर दू. असल में एक चैनल ने एम्स के ऊपर एक स्टोरी चलायी. बताया कि जानवरो पर प्रयोग न करके बच्चो पर प्रयोग हो रहा है. बच्चे प्रयोग के चलते अपनी जान गवा रहे है. चैनल ने सलाह दी कि कोई अपने बच्चे का इलाज कराने के लिए एम्स न जाये. पर दुनिया तो बहुत आगे है. आनन फानन में एक और चैनल खडा हों गया. यह एम्स के पक्ष में था. एक युवक जिसकी छाती की हड्डी टूट गयी थी और वह मौत के करीब था उसे एम्स ने बचा लिया. एक चैनल एम्स के साथ और दूसरा एम्स के विरोध में खडा था. मैं तो एक क्षण के लिए यह मान भी लिया कि रावण राम की कथा सुनाये तो क्या हर्ज है लेकिन असमंजस इस बात का था कि किस चैनल की बात मानू. यह मेरे लिए पहला असमन्जस नही था. ऐसा तो जब भी टी वी खोलते हैं असमंजस हों ही जाता है. कई बार जब दुर्घटनाएँ होती है तो मरने वालो की संख्या को लेकर असमंजस हों जाता है. सबकी संख्या अलग अलग होती है. सच तो कोई एक होगा लेकिन किस्से सबके अलग होते हैं. मीडिया का होने के नाते कई बार मुझसे लोग सवाल करते हैं पर क्या जवाब दूँ. कोई जवाब है भी तो नही.
..............................
Bookmark and Share